विक्रमादित्य सिंह ने मंडी लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया
09-May-2024 09:30 PM 4337
शिमला, 09 मई (संवाददाता) हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सांसद एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। श्री सिंह के नामांकन भरने के बाद कहा कि वह नेता या अभिनेता नहीं हैं वह जनसेवक हैं। श्री सिंह ने कहा कि आपदा के समय उन्होंने इस क्षेत्र के आपदा प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की। उन्होंने कहा कि न तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस दौरान लोगों की कोई मदद की और न ही उनकी पार्टी से चुनाव लड़ रहीं प्रत्याशी कंगना रनौत ने। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र को आदर्श सांसद क्षेत्र बनाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है और इसी लक्ष्य को वह आगे रख कर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो प्यार और सम्मान उन्हें व उनके परिवार को प्रदेश के लोगों से मिला है उसका ऋण वह कभी भी नहीं चुका सकते। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कंगना पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सुबह-शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गुणगान करती हैं और मुझे गाली देती रहती हैं। मंडी में एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा और बागियों पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विक्रमादित्य सिंह राजनीति के युवा हीरो हैं और आज वह राजनीति में नहीं होते, तो बॉलीवुड के टॉप के हीरो होते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले वर्ष आई आपदा में विक्रमादित्य सिंह ने लोक निर्माण मंत्री के रूप में बेहतर काम किया और प्रभावितों के दुख दर्द में साथ रहे। श्री सुक्खू ने कहा कि कंगना रणौत ने फिल्म इंडस्ट्री में बहुत नाम कमाया है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उन्हें जबरदस्ती राजनीति में ले आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज्य प्रभारी शुक्ला की रणनीति के घबराकर श्री ठाकुर ने चुनाव से किनारा कर लिया और अपनी जगह कंगना को मैदान में उतार दिया। उन्होंने कहा कि श्री ठाकुर ने कंगना से सिर्फ एक महीने के लिए शूटिंग की डेट माँगी है। फिल्म का नाम है ‘कंगना मंडी के अंगना’ लेकिन अगर डायरेक्टर फ्लॉप हो तो फिल्म का फ्लॉप होना तय है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी 2022 में श्री ठाकुर ने फिल्म बनाई, जिसका नाम रखा ‘रिवाज बदलेंगे’ लेकिन जनता ने उन्हें ही बदल दिया। फिर 27 फरवरी 2024 को ‘ऑपरेशन लोट्स’ फिल्म बनाई, लेकिन वह फिल्म भी पिट गई। इसलिए इस बार भी फ्लॉप डायरेक्टर की फिल्म फ्लॉप होना तय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिके हुए छह विधायकों को अब दोबारा चुनाव लड़ना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बेईमानी और ईमानदारी के बीच है तथा कांग्रेस पार्टी ने सभी साफ छवि वाले उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। कांग्रेस पार्टी ने एक भी दागी को टिकट नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से राज्य सरकार साढ़े तीन साल और चलेगी तथा लोगों की सेवा करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने कांग्रेस की एक राज्यसभा की सीट चुराई है, जनता उस पार्टी को अवश्य सबक सिखाएगी और लोकसभा की चारों सीटें तथा छह विधानसभा उपचुनाव की सीटें कांग्रेस पार्टी का परचम लहरायेगा। उन्होंने कहा कि जीवन भर संघर्ष करने के बाद वे मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचे हैं और वह युद्ध लड़ना और जीतना जानते हैं। श्री सुकखू ने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के छह विधायक खरीद लिए, जिन्होंने पार्टी से बगावत की और पार्टी को धोखा दिया। डील की दूसरी किश्त पाने के लिए ये छह विधायक एक महीने तक हिमाचल प्रदेश से बाहर भटकते रहे। उन्हाेंन जनभावनाओं से खिलवाड़ करने वाले इन छह दागी नेताओं को सजा अवश्य मिलेगी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा, मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह, मंत्री, विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^