यूक्रेन प्रतिरोध के बीच रूसी सैनिक आगे बढ़े
03-Mar-2022 06:22 PM 4898
कीव 03 मार्च (AGENCY) यूक्रेन सेना की ओर से भारी विरोध और रूसी सेना को भारी नुकसान पहुंचाने के दावों के बीच हमले के आठवें दिन रूस की सेना जमीन व समुद्र के जरिये काफी तेजी से यूक्रेन में आगे बढ़ रही है। बढ़ते अंतरराष्ट्रीय अलगाव के बीच रूस ने स्वीकार किया कि इसने यूक्रेन के विरोध के चलते अपने 498 सैनिकों को खो दिया जबकि 1,597 अन्य घायल हो गये। यूक्रेन की सेना ने कई मोर्चों पर रूस के आगे बढ़ने को स्वीकार किया लेकिन साथ ही आरोप लगाया कि लगभग सभी क्षेत्रों में विफल होने के बाद, रूसी सेना ने बड़े शहरों के आवासीय क्षेत्रों में रात की गोलाबारी की रणनीति का सहारा लिया। रूस ने कहा कि उसके सशस्त्र बलों ने यूक्रेन के दक्षिणी शहर खेरसॉन पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने कहा,“रूसी सशस्त्र बलों की इकाइयों ने खेरसॉन के क्षेत्रीय केंद्र पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया।” उन्होंने कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचा, जीवन रक्षक सुविधाएं और शहरी परिवहन हमेशा की तरह वहां चल रहे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि शहर में भोजन और आवश्यक वस्तुओं की कमी नहीं है। यूक्रेन ने कहा कि रूसी युद्धपोतों को क्रीमिया के पश्चिमी तट से आते देखा गया। पोलिस्या दिशा में, रूसी कोजारोविची, विशोरोड, फास्टिव और ओबुखिव की बस्तियों के क्षेत्र में आक्रामक अभियान चलाने की कोशिश कर रहे थे। बोरोड्यंका, कत्युझांका और गवरोंशच्या जिलों में फील्ड लॉजिस्टिक्स शिविरों की तैनाती पर ध्यान दिया गया। उत्तर में, रूसी यूक्रेन के चेर्निहाइव, निज़िन और सूमी, लेबेडिन और ओख़्तिरका शहरों में जूझ रहे थे तथा यूक्रेन की सेना के साथ संघर्ष से बचने की कोशिश कर रहे थे जबकि राजधानी कीव के उत्तरी बाहरी इलाके तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। यूक्रेन ने कहा कि रूसी सेना का एक हिस्सा, जो युद्ध क्षमता खो चुका है, फिर से संगठित हो रहा है और ब्रोवरी और कीव की दिशा में हमला करने की कोशिश कर रहा है। रूसी सेनाएं एनरहोदर, वासिलिव्का, टोकमक और नोवोपेट्रिवका बस्तियों के क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही थीं। यूक्रेन ने कहा कि रूसियों ने बालोवने में एक छोटी लैंडिंग पार्टी को उतारा जो नष्ट हो गई। कालासागर में रूसी बेडे के जहाज नागरिक जाहजों को निशाना बना रहे हैं और जहाजों पर सवारों को बंदी बना रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^