यूक्रेन से निजी खर्च से वापस आने वाले झारखंडवासियों के टिकट की राशि वहन करेगी झारखंड सरकार:मुख्यमंत्री
26-Feb-2022 06:46 PM 6767
रांची, 26 फरवरी (AGENCY)झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यूक्रेन में बने नये गतिरोध के बीच अपने निजी खर्च से झारखंड वापस आने वाले राज्यवासियों के टिकट की राशि राज्य सरकार रिम्बर्स (प्रतिपूर्ति) करेगी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार, केंद्र सरकार के साथ मिलकर सभी झारखंडवासियों को हरसंभव मदद पहुंचाने का काम कर रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने शुक्रवार को भी यूक्रेन में पढ़ने या रोजगार के लिए गये झारखंडवासियों अथवा उनके परिवारजनों से यह आग्रह किया था कि झारखंड कंट्रोल रूम के फोन नंबर पर संपर्क कर जानकारी दें, राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार के साथ मिलकर सभी को हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस आग्रह के बाद कल से ही विभिन्न लोगों द्वारा यह आग्रह किया जा रहा था कि झारखंड सरकार ने कोरोना संक्रमण की पहली लहर और संपूर्ण लॉकडाउन के दौरान जिस तरह से अपने खर्चे पर ट्रेन, हवाई जहाज या अन्य वाहनों से प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने का काम किया था, उसी तरह से इस संकट की घड़ी में भी यूक्रेन में फंसे लोगों को सुरक्षित वापस लाने का काम राज्य सरकार अपने खर्चे पर करें। संभवतः मुख्यमंत्री ने लोगों की इसी मांग को देखते हुए यह फैसला लिया है। वर्ष 2020 में कोविड-19 पर अंकुश को लेकर देश में जब पहली बार संपूर्ण लॉकडाउन लगा था, तो देश में झारखंड ही ऐसा पहला राज्य था, जिसने प्रवासी श्रमिकों, बाहर पढ़ने वाले विद्यार्थियों और इलाज कराने गये लोगों को स्पेशल ट्रेन के माध्यम से वापस झारखंड लाने का काम किया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^